“पर्पल फेयर” का भव्य आयोजन: दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की नई पहल

कोरबा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (DEPWD) द्वारा कोरबा के सी.एस.ई.बी. फुटबॉल मैदान में “पर्पल फेयर” का भव्य आयोजन किया गया।

प्रातः 10 बजे शुरू हुए इस आयोजन में 340 दिव्यांगजन, 140 वृद्धजन सहित कुल 680 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों और शहर के प्रबुद्ध नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और विशेष बनाया।

मुख्य अतिथि के रूप में कोरबा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने शिरकत की। उन्होंने दिव्यांग बच्चों और युवाओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा, “ये बच्चे अपनी मेहनत और क्षमताओं से साबित करते हैं कि दिव्यांगता कोई बाधा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की प्रेरणा है। समाज को इनसे सीख लेनी चाहिए।” महापौर ने प्रदर्शनी स्टॉल, रोजगार मेला, कला गैलरी और कौशल विकास सेक्शन का दौरा कर प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं।

मेले में सहायक उपकरणों का वितरण, सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी, कला गैलरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद और भोजन स्टॉल जैसे आकर्षण शामिल रहे। कुल 121 दिव्यांगजन और वृद्धजनों को 681 सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिनकी लागत लगभग 12 लाख रुपये थी।

कार्यक्रम में समग्र शिक्षा, उमंग, जीवन ज्योति, अंकुर स्पेशल स्कूल, ज्योति स्पीच एंड हियरिंग सेंटर, अपना घर सेवा संस्थान, रोटरी क्लब, बिहान महिला समूह, भारत स्काउट गाइड, क्योर इंडिया, ALIMCO जबलपुर जैसे संगठनों ने हिस्सा लिया। अतिथियों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री डिंपल भेड़िया, मुख्य अभियंता संजीव कंसल, सहायक मुख्य अभियंता वी.के. सेन चौधरी, रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष पारस जैन, सचिव संतोष जैन और प्रेम गुप्ता उपस्थित थे।

चार दिव्यांगजनों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। आयोजकों ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “पर्पल फेयर” समाज में जागरूकता और संवेदनशीलता का सेतु बनेगा।