स्वतंत्रता दिवस पर भिलाई बाजार के सरकारी दफ्तर में नहीं फहराया गया तिरंगा, कनिष्ठ यंत्री पर लापरवाही का आरोप

कोरबा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जहां पूरा देश और ऊर्जाधानी कोरबा राष्ट्रीय पर्व को गौरवपूर्ण ढंग से मना रहा था, वहीं कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत भिलाई बाजार में एक सरकारी दफ्तर ऐसा भी रहा जहां राष्ट्रीय ध्वज का स्तंभ सूना रहा। भिलाई बाजार के कनिष्ठ यंत्री कार्यालय में इस बार 15 अगस्त 2025 को ध्वजारोहण नहीं किया गया, जिसके चलते स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।

स्थानीय लोगों ने कलेक्टर को की गई शिकायत में बताया कि पिछले तीन वर्षों से भिलाई बाजार के कनिष्ठ यंत्री कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर नियमित रूप से ध्वजारोहण किया जाता रहा है। लेकिन नवपदस्थ कनिष्ठ यंत्री भूपेन्द्र राठौर ने इस बार स्वतंत्रता दिवस पर ध्वज नहीं फहराया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि भूपेन्द्र राठौर, जो स्थानीय निवासी हैं, कार्यालय का संचालन ठीक तरह से नहीं कर रहे हैं। उनके द्वारा पदभार ग्रहण करने के बाद बिना कारण बिजली कटौती की जा रही है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। इस घटना ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, और लोग इस लापरवाही को राष्ट्रीय पर्व के प्रति असम्मान के रूप में देख रहे हैं।