कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, 10-12 शिक्षक गंभीर रूप से घायल

कोरबा-कटघोरा।कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर तानाखार के पास आज सुबह करीब 8 बजे एक भीषण सड़क हादसे में टाटा विंगर कार (सीजी 10 FA 6917) में सवार 10-12 शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। ये शिक्षक ग्राम नवागांव, कटघोरा से पोड़ी स्थित एकलव्य विद्यालय ड्यूटी के लिए जा रहे थे।

हादसा उस समय हुआ जब कार चालक ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया और सामने से आ रही माजदा मालवाहन (सीजी 12 BM 5954) से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद विंगर कार पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घायलों में शिक्षक-शिक्षिकाएं दीपांकर, अभय, राहुल, देवराज, अंजना, रिया, संगीता, शुभ्रा, मंजू सहित अन्य शामिल हैं। हादसे में एक शिक्षिका का मासूम बेटा भी था, जो मामूली चोट के साथ सुरक्षित बच गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई शिक्षिकाएं बेहोश हो गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की और घायलों को कटघोरा उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

गंभीर रूप से घायल शिक्षकों को कोरबा के मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

एकलव्य विद्यालय के प्राचार्य जीआर राजपूत और कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जप्त कर लिया और हादसे की जांच शुरू कर दी है। घायलों का इलाज जारी है, और पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।