रायगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड शिक्षा कार्यालय में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां केवल दसवीं पास कर्मचारी को सहायक ग्रेड-2 के पद पर पदोन्नति दी गई है। यह नियमों का स्पष्ट उल्लंघन माना जा रहा है, क्योंकि इस पद के लिए न्यूनतम योग्यता स्नातक डिग्री और कुछ मामलों में कंप्यूटर दक्षता व टाइपिंग कौशल आवश्यक है। इस अनियमितता से भ्रष्टाचार की आशंका बढ़ गई है और शिक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, संबंधित कर्मचारी के पास केवल कक्षा दसवीं की अंकसूची है, फिर भी उसे सहायक ग्रेड-2 के पद पर कार्य करने की अनुमति दी गई है। बताया जा रहा है कि सेवा पुस्तिका के आधार पर गलत जानकारी उच्च कार्यालय को भेजी गई, जिसके आधार पर यह पदोन्नति दी गई। सरिया के जागरूक नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता मुरलीधर पाणिग्राही ने इस मामले को गड़बड़झाला करार देते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
पाणिग्राही ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी से इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी का मुख्य दायित्व शिक्षा प्रशासन, पर्यवेक्षण, निरीक्षण और मार्गदर्शन करना है, न कि भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना। इस तरह की अनियमितताएं शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को कमजोर करती हैं।
पाणिग्राही ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए ताकि सच्चाई सामने आए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। स्थानीय लोगों ने भी इस अनियमितता पर नाराजगी जताई है और शिक्षा विभाग से पारदर्शिता सुनिश्चित करने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677