कोरबा। रामपुर सिंचाई कॉलोनी में बुधवार सुबह एक दुखद घटना में 11 केवी बिजली के तार की चपेट में आने से एक बंदर की मौत हो गई। सूचना मिलते ही वन विभाग और नोवा नेचर की टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और पूरे विधि-विधान के साथ बंदर का अंतिम संस्कार किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी बंदर के पार्थिव शरीर पर चंदन लगाकर और पूजा-पाठ कर जीवों के प्रति अपनी आस्था और प्रेम को दर्शाया।
रामपुर सिंचाई कॉलोनी निवासी विभा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से दो बंदर कॉलोनी में आसपास घूमते दिखाई दे रहे थे। स्थानीय लोग उन्हें फल और अन्य खाद्य पदार्थ दे रहे थे। बुधवार सुबह दोनों बंदर कॉलोनी में उछल-कूद कर रहे थे, तभी एक बंदर 11 केवी बिजली के तार की चपेट में आ गया। तार में शॉर्ट सर्किट होने के कारण बंदर नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई।
वन विभाग और नोवा नेचर की टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया। बंदर के पार्थिव शरीर को कपड़े में लपेटकर रखा गया। स्थानीय लोगों ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार बंदर के माथे पर चंदन लगाया और फूल, नारियल, और दीप जलाकर पूजा-पाठ किया। लोगों का मानना है कि बंदर हनुमान जी का रूप होता है, इसलिए विधि-विधान से उसकी अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान दूसरा बंदर मृत बंदर के पास बार-बार आकर उसे उठाने की कोशिश करता रहा, जो एक भावुक दृश्य था।
इस घटना ने स्थानीय लोगों के बीच जीवों के प्रति प्रेम और संवेदनशीलता को उजागर किया। कॉलोनी के निवासियों ने न केवल बंदर को खाना खिलाकर उसका ध्यान रखा, बल्कि उसकी मृत्यु के बाद भी सम्मानजनक तरीके से अंतिम संस्कार किया। वन विभाग और नोवा नेचर की त्वरित कार्रवाई ने भी इस प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने में मदद की।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677