प्रशांति वृद्धाश्रम के 20 वर्ष पूर्ण, महापौर ने की 51 हजार की वार्षिक सहायता की घोषणा

कोरबा। प्रशांति वृद्धाश्रम के संचालन के 20 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नवदृष्टि समाजसेवी संस्था ने दो दशकों में बुजुर्गों को न केवल आश्रय प्रदान किया, बल्कि उन्हें सम्मान, अपनापन और संबल भी दिया। उन्होंने वृद्धाश्रम के कार्यों को “संवेदना का यज्ञ” करार देते हुए कहा कि यह संस्था हमारी सभ्यता और संस्कृति का प्रतीक है, जहां बुजुर्गों को आशीर्वाद माना जाता है।

महापौर ने नवदृष्टि समाजसेवी संस्था के कार्यकर्ताओं, सेवाभावी सदस्यों और सहयोगियों की सराहना की और उन्हें बधाई दी। उन्होंने वृद्धाश्रम के भवन मरम्मत कार्य में यथासंभव सहयोग का आश्वासन दिया और नगर पालिक निगम की ओर से वृद्धाश्रम को प्रतिवर्ष 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की।

विशिष्ट अतिथि सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि बुजुर्गों की सेवा से बड़ा पुण्य का कार्य कोई नहीं है। उन्होंने वृद्धाश्रम के सम्मानपूर्ण सेवा कार्यों की प्रशंसा की और नगर पालिक निगम से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। वार्ड पार्षद रामाधार पटेल, माधव जायसवाल, मयंक पाण्डेय, डॉ. अनिल आरोरा और कल्पना मिश्रा ने भी अपने विचार साझा किए।

नवदृष्टि समाजसेवी संस्था के अध्यक्ष मोहम्मद सादिक शेख ने वृद्धाश्रम की 20 वर्षों की सेवा यात्रा का उल्लेख किया। कार्यक्रम में वृद्धाश्रम को निरंतर सहयोग देने वाले व्यक्तियों को महापौर के हाथों सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वीणा मिस्त्री ने किया।

इस अवसर पर वृद्धाश्रम के केअरटेकर वीरू यादव, एक्ट ऑफ ह्यूमैनिटी के रुहुल खान, ग्रैडीन ग्लेयर, सुर्हिद कुमार डेविड, ममता गुप्ता, सांई प्रिया, अजय जायसवाल, कृष्णा महिला समिति की कल्पना गुप्ता, डीगम्बर सिंह कौशिक, उत्तरा मानिकपुरी, उर्वशी यादव, शशिकला सोनी, लता यादव सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।