जशपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के रणजीता स्टेडियम में योगाभ्यास किया। इस दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और योग आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण सिन्हा भी कार्यक्रम में शामिल हुए। बड़ी संख्या में लोग इस आयोजन का हिस्सा बने।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा है, जिसका अभ्यास वर्षों से किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी पहल से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाने लगा, जिसने योग को वैश्विक पहचान दिलाई।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और रोजाना कम से कम कुछ समय योग को दें। साय ने कहा, “योग का अर्थ है जोड़ना। इसे अपने जीवन से जोड़ें। आज योग केवल भारत तक सीमित नहीं, बल्कि पूरी दुनिया इसे अपना रही है।” उन्होंने बताया कि वे स्वयं रोज 25-30 मिनट योग करते हैं और कपालभाति से उनका वजन कम हुआ है। उन्होंने रोगों से बचाव और स्वस्थ जीवन के लिए योग को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम में 10 वर्षीय मूकबधिर बालिका वर्षा मिश्रा ने मंच पर योग प्रदर्शन किया, जिसे देखकर सभी उपस्थित लोग प्रभावित हुए। मुख्यमंत्री साय ने वर्षा को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। यह आयोजन योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677