कोरबा-कटघोरा। बस स्टैंड कटघोरा स्थित पशु चिकित्सालय परिसर में संचालित गढ़ कलेवा को बंद करने और इसे हटाने के लिए लगाए जा रहे निराधार आरोपों को कलेक्टर ने खारिज कर दिया है।
जनदर्शन में श्रीया महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष नीलम और अन्य महिलाओं ने अपनी बात रखी, जिसके बाद कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गढ़ कलेवा का संचालन मौजूदा स्थान पर ही जारी रहेगा और इसे श्रीया महिला स्व-सहायता समूह द्वारा ही संचालित किया जाएगा।
श्रीया महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष नीलम ने बताया कि गढ़ कलेवा का संचालन 13 जनवरी 2023 से पशु चिकित्सा केंद्र के रिक्त कमरे और भूमि पर जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार किया जा रहा है।
यह निर्णय जन चौपाल (13/12/2022) और अनुविभागीय अधिकारी, कटघोरा के आदेश (23/12/2022) के आधार पर लिया गया था।
हालांकि, चिन्टू अग्रवाल नामक व्यक्ति द्वारा गलत आरोप लगाकर गढ़ कलेवा को बंद करने की साजिश रची गई।
तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पटवारी और मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा 23 मई 2025 को की गई जांच में शिकायत को निराधार पाया गया। इसके बावजूद, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, कोरबा ने 22 मई 2025 को पत्र जारी कर गढ़ कलेवा को 31 मई 2025 तक परिसर खाली करने का निर्देश दिया था।
नीलम ने कलेक्टर को अवगत कराया कि गढ़ कलेवा के माध्यम से 200 महिलाएं, विशेषकर अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग की महिलाएं, रोजगार प्राप्त कर अपनी जीविका चला रही हैं। इसे बंद करने से इन महिलाओं की आजीविका पर गंभीर असर पड़ेगा।
उन्होंने वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर नया भवन उपलब्ध कराने या मौजूदा स्थान पर अस्थायी रूप से संचालन की अनुमति देने की मांग की। कलेक्टर ने संवेदनशीलता के साथ मामले को समझा और गढ़ कलेवा को बंद करने की कोशिशों को खारिज करते हुए इसे मौजूदा स्थान पर संचालित करने की अनुमति दी।
यह फैसला न केवल श्रीया महिला स्व-सहायता समूह के लिए राहत लेकर आया है, बल्कि छत्तीसगढ़ शासन की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की पहल को भी मजबूती प्रदान करता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677