डब्ल्यूटीपी का निरीक्षण कर जानकारी ली जिलाधीश ने

टेल एरिया में नहीं पहुंच रहा पानी, 37 करोड़ से बनेगी सप्लाई स्कीम

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के कई ऐसे टेल एरिया जहां गर्मी के सीजन में पानी नहीं पहुंच रहा है और लोग परेशान हो रहे हैं। कई दिन से इस प्रकार की शिकायतें आ रही है। लोगों को राहत देने के लिए निगम ने 30 वर्ष के लिए पानी सप्लाई स्कीम बनाई है। 37 करोड़ इस पर खर्च होंगे। कहा जा रहा है कि इस योजना के जमीन पर उतरने से स्थायी राहत मिल सकेगी।व्यापक जनहित का ख्याल कोरबा नगर निगम ने रखा है।

इसी के अंतर्गत पौने 37 करोड़ रूपये की लागत से प्रस्तावित ’’ इम्प्रूवमेंट टू कोरबा वाटर सप्लाई स्कीम ’’ जिला खनिज न्यास मद से स्वीकृति हेतु प्रक्रियाधीन है, नगर के जनप्रतिनिधि व आमनागरिकगण उक्त स्कीम के  संबंध में अपने सुझाव नगर निगम कार्यालय अथवा कलेक्ट्रेट में प्रस्तुत कर सकते हैं ताकि उनके औचित्यपूर्ण सुझावों को भी स्कीम में शामिल किया जा सके।

आज कलेक्टर अजीत वसंत ने कोहडिय़ा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया तथा उक्त स्कीम में प्रस्तावित विभिन्न अवयवों व कार्यो की समीक्षात्मक जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वर्तमान में कोहडिय़ा स्थित 79.81 एम.एल.डी. की क्षमता वाले 4 जल उपचार संयंत्रों के माध्मय से जल को उपचारित कर शुद्ध पेयजल की आपूर्ति निगम क्षेत्र में की जाती है। क्षेत्र की अनेक अंतिम छोर की बस्तियों व क्षेत्रों में पानी का प्रेशर कम होने के कारण पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो पाती है। इसके लिए क्या किया जाए। निगम ने प्रशासन को इसकी जानकारी दी।

उक्तानुसार कलेक्टर अजीत वसंत अधिकारियों की टीम के साथ कोहडिय़ा स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचे। उन्होंने प्रस्तावित वाटर सप्लाई स्कीम के विस्तारित कार्य सहित वहॉं पर स्थित विभिन्न एम.एल.डी.क्षमता वाले जल उपचार संयंत्रों का सघन रूप से निरीक्षण किया, वर्तमान में निगम द्वारा संचालित जल आपूर्ति व्यवस्था की विस्तार से जानकारी ली।

इस मौके पर निगम के प्रभारी आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूवा, कार्यपालन अभियंता जलप्रदाय राकेश मसीह, उप अभियंता प्रमोद जगत, सलाहकार जे.एस.भूतांगे आदि के साथ अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।


ये इलाके होंगे लाभान्वित
उक्त वाटर सप्लाई स्कीम के क्रियान्वयन से नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र की सुदूर व अंतिम छोर की बस्तियों दादरखुर्द, ढेलवाडीह, खरमोरा, मानिकपुर, भिलाईखुर्द क्र. 01, 02 व 03, बरबसपुर, कर्रानाला, रूमगरा, बेलगिरी बस्ती, प्रगतिनगर, नदियाखंड, इमलीडुग्गू, विकासनगर, पोखरीपारा, प्रधानमंत्री आवास योजना दादर के 2784 आवासगृहों तक तथा निगम क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्थित हाउसिंग बोर्ड कालोनियों सहित अन्य टेल एरियाज में पेयजल की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।