कोरबा। एतमानगर रेंज के गुरसिया क्षेत्र में तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान जंगली सूअर के हमले में एक युवती, एक महिला और एक वृद्ध व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 18 वर्षीय सुहानी, 42 वर्षीय पवारो बाई और 80 वर्षीय गंभीर साय शामिल हैं। तीनों को पोड़ी उपरोड़ा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत नाजुक बनी हुई है।
यह घटना आज सुबह करीब 6 बजे नेटी जंगल भैसा में हुई। स्थानीय निवासी नानक सिंह राजपूत के अनुसार, तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण सूर्योदय से पहले जंगलों में पहुंच जाते हैं। इसी दौरान जंगली सूअर ने अचानक हमला कर दिया, जिससे सुहानी, पवारो बाई और गंभीर साय के सिर, पैर और अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घायलों की चीख सुनकर आसपास के लोग सक्रिय हुए और जंगली सूअर को खदेड़ने में सफल रहे। इसके बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों के इलाज के लिए प्रारंभिक सहायता राशि प्रदान की।
जहरयुक्त तीर से बदला सूअर का व्यवहार
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, कुछ दिन पहले एक शिकारी ने जंगली सूअर को जहरयुक्त तीर से मारने की कोशिश की थी। हालांकि सूअर की मौत नहीं हुई, लेकिन जहर के प्रभाव से उसका व्यवहार आक्रामक हो गया। विशेषज्ञों का मानना है कि यह मादा सूअर हो सकती है, क्योंकि इसके दांत बाहर नहीं निकले हैं, जो नर सूअरों में आमतौर पर देखा जाता है।
जागरूकता की जरूरत
विशेषज्ञों ने बताया कि जंगली जानवरों का व्यवहार परिस्थितियों के अनुसार बदलता है। तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान ऐसी घटनाओं से बचने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है। वन विभाग ने भी इस दिशा में कदम उठाने की बात कही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677