गांव की सरकार में काबिज होने कई दिग्गजों का टूटा सपना

महिला कांग्रेस अध्यक्ष, जिपं अध्यक्ष व सरपंच संघ के अध्यक्ष भी हारे

कोरबा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के तहत 23 फरवरी को तीसरे और अंतिम चरण का मतदान संपन्न हुआ। जिले में चुनाव का परिणाम काफी रोचक और अप्रत्याशित भी देखने को मिला।


गांव की सरकार के रास्ते जिला पंचायत, जनपद पंचायत और पंचायत में काबिज होने का सपना कई दिग्गजों का टूट गया। इनमें प्रमुख रूप से जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती शिवकला कंवर जहां क्षेत्र क्रमांक 5 से अपना चुनाव हार गई हैं और यहां से सुषमा रवि रजक ने एक बड़ी जीत हासिल की है। इससे पहले क्षेत्र क्रमांक 12 (पोड़ी-उपरोड़ा)जहां कि 20 फरवरी को मतदान हुआ था वहां से शिवकला कंवर के पति छत्रपाल सिंह कंवर भी चुनाव हार चुके हैं।

उनके पुत्र रवि कुमार ग्राम पंचायत धनरास जो इनका निवास क्षेत्र भी है, वहां से अपना चुनाव हार गए हैं। रवि को हराकर लक्ष्मीकांत कंवर नए सरपंच निर्वाचित हुए हैं।बताया जा रहा है कि लक्ष्मीकांत कंवर, छत्रपाल सिंह के भतीजे लगते हैं।

भतीजे ने चाचा का राजनीतिक तिलिस्म तोड़ दिया है। इसी तरह से महिला कांग्रेस कमेटी जिला अध्यक्ष ग्रामीण श्रीमती प्रभा तंवर भी अपना चुनाव हार गई हैं। कटघोरा क्षेत्र के पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर के खास समर्थकों में प्रभा तंवर शामिल हैं। वह अपना जनपद चुनाव क्षेत्र रलिया से हार गई हैं। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष राम प्रसाद कोर्राम भी चुनाव हार गए हैं। उन्होंने इस बार अपना क्षेत्र छोडक़र अरदा जनपद क्षेत्र से जनपद सदस्य के लिए चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें जीत हासिल नहीं हुई।

इनके अलावा सरपंच संघ के अध्यक्ष होरीसिंह कंवर भी चुनाव हार गए हैं। इनके अलावा और भी दिग्गजों ने चुनाव हारा है। यह परिणाम काफी चौंकाने वाले और अप्रत्याशित बताए जा रहे हैं।


हारे प्रत्याशी के समर्थकों का बवाल
इधर दूसरी तरफ मतदान के बाद मतगणना उपरांत जहां 2-4 वोटों के अंतर से हार-जीत सुनिश्चित हुई है, उन क्षेत्रों में हारे हुए प्रत्याशियों के द्वारा मतगणना पर संदेह जाहिर करते हुए फिर से गणना कराने की मांग की जा रही है। कटघोरा विधानसभा के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत पंडरीपानी के बंचर में मौजूदा सरपंच की मां दो वोट से चुनाव जीती है।

उन्होंने शिवराम भरिया पूर्व सरपंच की बहू को चुनाव में हराया है। हारे हुए प्रत्याशी और उनके समर्थकों के द्वारा मतगणना में गड़बड़ी होना बताया जाकर मतदान दलों को रोक दिया गया था। इसी प्रकार धवईपुर पंचायत में शारदा देवी कोर्राम 4 मतों से चुनाव जीती हैं।

इस जीत के बाद विपक्षी प्रत्याशी और उनके समर्थकों के द्वारा मतगणना पर सवाल उठाए गए हैं। इसी तरह जनपद सदस्य प्रत्याशी गोविंद सिंह कंवर 4 वोट से चुनाव हारे तो उन्होंने भी मतगणना पर संदेह जाहिर करते हुए तर्क दिया है कि उनका एजेंट नहीं था इसलिए फिर से मतगणना कराई जाए।