पीएम आवास का लाभ लेकर तालम ने बनाया खूबसूरत मकान

कोरबा। पक्का आवास होने से व्यक्ति के ना केवल सामाजिक प्रतिष्ठा, मान-सम्मान में वृद्धि होती है, बल्कि आंधी, बारिश, सर्दी सभी मौसमों में होने वाली समस्याओं से भी निजात मिलती है। कोरबा नगरीय क्षेत्र के मुड़ापार निवासी तालम दास महंत के बरसों का सपना प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के सफल क्रियान्वयन से हकीकत बन गया है।

तालम दास ने पीएम आवास योजना एवं अपनी सालों की बचत की हुई जमापूंजी से खूबसूरत आवास का निर्माण कराया है। हितग्राही तालम दास अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जीविकोपार्जन के प्रबंध के बाद अपने परिवार वालों को सुकून व सुरक्षा की छत दिलाना किसी भी व्यक्ति की पहली प्राथमिकता होती है।

उनके परिजन एक सुरक्षित मकान के अंदर चैन से अपना जीवन बिताए, इससे बड़ी खुशी और क्या होगी। लेकिन आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण पक्का मकान का निर्माण कर पाना बहुत मुश्किल होता है।

आर्थिक रूप से कमजोर ऐसे परिवारों के आवास निर्माण की चाहत को केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना पूरा कर रही है। हितग्राही ने बताया कि उसके परिवार में उनकी धर्मपत्नी, 4 बेटे, बहू, नाती पोते सहित कुल 16 सदस्य रहते है। मिट्टी की कच्ची दीवार और शीट वाली छत से बने पुराने घर में उनका परिवार एक साथ रहता था। बड़ा परिवार होने के कारण कच्चे और छोटे मकान में पूरे परिवार को गुजारा करने में परेशानी होती थी, विशेषकर चारों बेटों की शादी के बाद उन्हें नए आवास निर्माण की नितांत आवश्यकता पडऩे लगी।