बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व मनाने लोगों में उत्साह
कोरबा। ऊर्जाधानी में शारदीय नवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। शनिवार को विजयादशमी पर्व के साथ पर्व का समापन होगा। बुराई पर अच्छाई की जीत, असत्य पर सत्य की विजय का पर्व दशहरा मनाने को लेकर हर आयु वर्ग में खासा उत्साह है। इनके लिए रावण के पुतलों का दहन विशेष आकर्षण रहता है।
विजयादशमी के दिन ही भगवान राम के द्वारा लंकापति रावण का वध कर लंका पर विजयश्री हासिल की गई और माता सीता को मुक्त कराया गया। दशानन के वध और लंका पर विजय के उपलक्ष्य में विजयादशमी का पर्व मनाया जाता है। जिले में दशहरा की सभी तैयारियां आयोजन समितियों के द्वारा पूरी कर ली गई हैं। जिले का सबसे ऊंचा 105 फीट का रावण जमनीपाली स्थित लाल मैदान में दहन किया जाएगा। इसके अलावा शहर के रानी रोड, पुराना बस स्टैंड, टीपी नगर, मुड़ापार, बुधवारी, एमपी नगर, आरपी नगर, कोसाबाड़ी सहित उपनगरीय और ग्रामीण अंचलों में भी आतिशबाजियों के साथ रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
लाल मैदान में 105 फीट का रावण पुतला तैयार
लाल मैदान में विजयदशमी उल्लास के साथ मनाई जाएगी। कमेटी गठन के साथ ही रावण पुतला बनाने का काम शुरू हो चुका है। इस बार 105 फीट का रावण पुतला बनाया जा रहा है जो सिर घुमाकर मुंह से धुआं छोड़ेगा। भगवान राम के तीरों से बचने ढाल भी चलाएगा। लाल आंख दिखाते हुए भगवान राम को युद्ध के लिए ललकारना हो या फिर जोरदार अट्हास, तलवार घुमाना लाल मैदान के रावण की खूबी रही है। इस बार भी रावण पुतला सिर घुमाकर मुंह से धुआं छोड़ेगा। दशहरा के दिन शेष काम को पूर्ण कर एक दिन पहले पुतले को खड़ा कर दिया जाएगा। रावण पुतला के अलावा लाल मैदान में कुंभकरण व मेघनाद के 55 से 60 फीट ऊंचे पुतले बनाए गए हैं। भगवान राम की झांकी लाइटिंग सहित आतिशबाजी उत्सव का विशेष आकर्षण रहेगा।
सुबह 5 से रात्रि 12 बजे तक भारी वाहन प्रतिबंधित
जिले में 12 अक्टूबर को दशहरा त्योहार मनाया जाना है जिसके लिये प्रभारी एसपी राजेश कुकरेजा के निर्देशन पर शांतिपूर्ण व्यवस्था बनाये जाने के उद्देश्य से पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना/चौकी प्रभारी और कर्मचारी, यातायात बल, नगर सैनिक व वन कर्मी मिलाकर 300 से ज़्यादा अधिकारी/कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस के द्वारा एक मैप जारी किया गया है जिसमें बताया गया है कि भारी वाहन सुबह 5 बजे से रात 12 बजे तक प्रतिबंधित रहेंगी जिसके लिये निम्न डायवर्सन पॉइंट लगाया गया है। वाहनों की पार्किंग के लिए ब्लूबर्ड स्कूल, कल्पतरू तिराहा, घंटाघर ओपन थियेटर, बुधवारी सर्कस मैदान, जैन चौक पार्किंग, आरामशीन रोड, मल्टी स्टोरी में पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















