वन विभाग ने जारी किया अलर्ट
कोरबा। बालको वन परिक्षेत्र के बाघमाड़ा में तडक़े निदाईगोडा़ई के लिए जा रही पहाड़ी कोरवा वृद्ध महिला को लोनर हाथी ने कुचल कर मार डाला। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे। मृतका के परिजनों को विभाग द्वारा तत्कालिक सहायता राशि रूपए 25 हजार उपलब्ध करा दी गई है।
जानकारी केे अनुसार लोनर हाथी द्वारा हमला किए जाने की घटना आज सुबह 4 बजे के लगभग घटित हुई जिसमें हलाई बाई 75 वर्ष नामक पहाड़ी कोरवा वृद्ध महिला की मौत हो गई। वृद्ध महिला अपने पति से अलग गांव से 500 मीटर दूर पहाड़ पर एक कच्चा मकान बनाकर अकेले रहती थी। आज सुबह वह उठकर निदाई-गुड़ाई के लिए जंगल के रास्ते खेतों में जा रही थी तभी उसका सामना अचानक पहुंचे लोनर हाथी से हो गया। वृद्धा को सामने देख लोनर ने उस पर हमला करने के साथ अपने सूंढ़ से उठाकर पटक दिया और पैरों तले कुचल दिया जिससे वृद्धा की मौत हो गई।
इसकी सूचना ग्रामीणों द्वारा दिए जाने पर एसडीओ आशिष खेलवार व बालको रेंजर जयंत सरकार के नेतृत्व में वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। मृतका के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए तत्कालिक सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है।
एसडीओ आशिष खेलवार ने बताया कि लोनर हाथी काफी हिंसक हो गया है। वह प्रतिदिन 40 से 50 किलोमीटर चल रहा है। अत: इसके कही भी जाने की संभावना है। इसे दखते हुए वन विभाग की टीम को सर्तक रहने को कहा गया है।
लोनर की निगरानी के लिए टीम बनाई गई है जो लगातार नजर रखने के साथ आसपास के गांव में मुनादी कराने के काम में जुटेे हुए है। बीती रात भी विभाग की टीम सतरेंगा, गढ़ उपरोड़ा व अजगर बहार क्षेत्र में मौजूद थी। ग्रामीणों को लगातार सर्तक करने के काम में जुटी हुई थी। बावजूद इसके लोनर माखुर पानी के निकट बाघमारा पहुंच गया और घटना को अंजाम दे दिया।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय का वातावरण है। लोनर ने इस घटना से पहले क्षेत्र में दो मवेशियों को भी मार डाला है। हाथी के द्वारा हिसंक रूप धारण कर लेने से वन विभाग की चिंता बढ़ गई है। अब उसके सामने यह चुनौती भी है। कि लोनर अब और इस तरह की घटना को अंजाम न देने पाए इसके लिए रणनीति बनाई जा रही है। लोनर द्वारा किए गए हमले में मानव के मौत का यह पांचवा मामला है।
इससे पहले रलिया, खैरभावना व पाली-चैतमा क्षेत्र में 4 लोगों की जान इस लोनर हाथी ले चुकी है। जिसमें तीन महिला शामिल है। जिन्हें एक ही दिन में मार डाला था। जबकि दो दिन पूर्व चैतमा रेंज में एक वृद्ध की जान ले ली थी। आज हमले में चौथी महिला की मौत हो गई है। वर्तमान में लोनर माखुर पानी व बाघमाड़ा क्षेत्र में विचरण कर रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677