कोरबा। टेंडर की शर्तों के विरूद्ध पहले ही कामकाज बंद कर ठेका कंपनी ने कामगारों को मुश्किल में डाल दिया। इससे उनके तेवर सख्त हो गए हैं। उन्होंने चोटिया स्थित कोल ब्लॉक में बगावत शुरू कर दी। प्रदर्शन को देखते हुए बांगो थाना और मोरगा चौकी की पुलिस नजर रखे हुए है।
भारत सरकार के द्वारा की गई नीलामी में यह कोल ब्लॉक पिछले वर्षों में आवंटित हुआ था। यहां से कोयला खनन कर उद्योग प्रबंधन अपनी जरूरत की पूर्ति कर रहा है। खबर में बताया गया कि धनसार इंजीनियरिंग कंपनी (डैको) के द्वारा यहां पर कोयला उत्खनन संबंधित काम किया जा रहा था। उसे तीन साल तक कामगारों से सेवाएं ली जानी थी। इसके साथ ही इसे ट्रांसपोर्ट किया जाना था। अभी पूरा समय हुआ ही नहीं और इससे पहले डैको ने काम को खत्म कर दिया। कहा गया कि यहां पर कोयला नहीं है ऐसे में काम करने का कोई मतलब नहीं। जबकि कामगारों का कहना है कि बेमतलब परेशान करने के तहत यह सब किया जा रहा है।
उन्होंने ठेका कंपनी के खिलाफ चोटिया में प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मांग है कि या तो काम कराया जाए या फिर 14 महीने के वेतन का भुगतान कराया जाए। हड़तालियों के मुताबिक ऑपरेटर व मजदूरों को टेंडर शर्त के तहत तीन वर्ष के लिए नियोजित किया गया था। ऐसे में उन्होंने दूसरी जगह कोशिश नहीं की।
इधर समय से पहले ही ठेका कंपनी ने हाथ खड़े कर दिए और कामगारों को मुश्किल में डाल दिया। कामगारों ने पुरजोर तरीके से कहा है कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कदम नहीं उठाया जाता है प्रदर्शन चलता रहेगा। औद्योगिक अशांति की जानकारी मिलने पर पुलिस बल यहां नजर रखे हुए है। प्रशासन को भी इसकी जानकारी दी गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677