100 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़े युवक ने दी धमकी, पकड़ने की कोशिश की तो कूदकर दे दूंगा जान, पुलिस के फूले हाथ-पांव

भिलाई। बाबा दीप सिंह नगर निवासी एक युवक जवाहर नगर में मोबाइल के 100 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ गया है। नीचे पुलिस और आसपास के लोग खड़े हैं लेकिन, वो युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं है। जो युवक टॉवर पर चढ़ा है वो वैशाली नगर थाना का निगरानी बदमाश है और कोहका के एक घर में हुई चोरी का संदेही भी है। एसीसीयू की टीम ने एक आरोपित को पकड़ा है, जिससे इस बदमाश का सुराग मिला।

पुलिस उसके घर पर गई थी। बदमाश ने अपने घर पर सीसीटीवी कैमरा लगवाकर रखा है। उसने अपने मोबाइल पर पुलिस टीम को देख लिया और पकड़े जाने के डर से वो मोबाइल के टॉवर पर चढ़ गया। अब वो टॉवर के ऊपर से पुलिस को धमकी दे रहा है कि यदि उसे पकड़ने की कोशिश की गई तो वो टॉवर से कूदकर अपनी जान दे देगा।


जानकारी के अनुसार बाबा दीप सिंह नगर निवासी राहुल बंसोड़ गुरुवार के दोपहर से जवाहर नगर के मोबाइल टॉवर पर चढ़ा हुआ है। एसीसीयू की टीम चोरी के एक मामले में उससे पूछताछ के लिए उसे लेने के लिए घर गई थी। इसकी खबर लगते ही वो मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। वो मोबाइल टॉवर के ऊपर से एक ही बात बोल रहा है कि यदि उसे पकड़ने की कोशिश की गई तो वो टॉवर से नीचे कूद जाएगा।

पुलिस की एक टीम मोबाइल टॉवर के पास ही तैनात है। बताया जा रहा है कि कोहका के एक घर में चोरी हुई थी। एसीसीयू की टीम ने घर में चोरी करने वाले एक युवक को हिरासत में लिया। उसने राहुल बंसोड़ के साथ मिलकर चोरी करने की बात बताई और चोरी का कुछ सामान उसके पास होने की जानकारी दी। इस पर एसीसीयू की टीम राहुल बंसोड़ के घर पर पहुंची लेकिन, संदेही पकड़े जाने के डर से मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया है।