बुनियादी सुविधाओं के लिए दंडवत न्याय यात्रा,विस्थापितों ने दी कुसमुंडा खदान बंद कराने की चेतावनी

बिना समुचित बसाहट के गांव खाली कराने का आरोप, घंटाघर से कलेक्टर कार्यालय तक दंडवत पहुंचे चंद्रनगर-जटराज के ग्रामीण

कोरबा।विस्थापन के बाद बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे चंद्रनगर-जटराज के ग्रामीणों ने सोमवार को जिला प्रशासन और एसईसीएल कुसमुंडा प्रबंधन के खिलाफ दंडवत न्याय यात्रा निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। हाथों में मांगों से संबंधित आवेदन लेकर ग्रामीण घंटाघर स्थित अंबेडकर चौक से दंडवत करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों के इस अनोखे विरोध प्रदर्शन को देखने सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि एसईसीएल कुसमुंडा प्रबंधन ने बिना समुचित बसाहट और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था किए महज तीन दिनों में गांव खाली करा लिया। विस्थापन के बाद परिवारों को छह अलग-अलग बसाहट स्थलों पर बसाया गया, लेकिन वहां आज तक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक, बसाहट स्थलों पर सड़क, नाली, पेयजल, सार्वजनिक शौचालय, मवेशियों के लिए शेड, चारागाह, तालाब और खेल मैदान जैसी सुविधाएं नहीं हैं। इसके अलावा मुक्तिधाम, देवस्थल, मंदिर, सांस्कृतिक मंच और उद्यान जैसी सामुदायिक सुविधाओं का भी अभाव है।

ग्रामीणों ने बताया कि बैठकों के दौरान एसईसीएल प्रबंधन की ओर से मकान किराया देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक विस्थापित परिवारों को आर्थिक सहायता नहीं मिली है। इससे उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं।

तूफान और बारिश से अस्थायी मकानों को नुकसान
विस्थापितों का कहना है कि बसाहट स्थलों पर बनाए गए झोपड़ीनुमा अस्थायी मकान हाल ही में आए चक्रवाती तूफान और बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, पक्के मकान निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढों में पानी और मलबा भर गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खदान के पहाड़ की ओर सुरक्षा दीवार (हाई वॉल) नहीं बनाई गई है, जिसके चलते पहाड़ से बहकर आने वाला पानी और मलबा निर्माणाधीन मकानों में प्रवेश कर रहा है। इससे उन्हें लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है।

विस्थापित परिवारों का कहना है कि चक्रवात, भारी बारिश और ठंड के बीच उन्हें झोपड़ियों में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। महिलाओं और पुरुषों को शौचालय की सुविधा नहीं होने के कारण खुले में शौच जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इसे विस्थापन के बाद भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहने की स्थिति बताया।

मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी
ग्रामीणों के अनुसार, बसाहट स्थलों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर वे कलेक्टर, एसडीएम और एसईसीएल प्रबंधन को कई बार आवेदन सौंप चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने 23 नवंबर को दंडवत न्याय यात्रा निकालने की पूर्व सूचना जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को भी दी थी।

दंडवत न्याय यात्रा के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रशासन और एसईसीएल प्रबंधन से अपनी मांगों पर तत्काल पहल करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बसाहट स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं, तो वे कुसमुंडा खदान बंद कराने के साथ उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।