रुपयों के लालच में तार-तार हुई इंसानियत, वृद्धा की हत्या की गुत्थी सुलझी

घर से मिले सिर्फ 2 हजार रुपये, पति-पत्नी सहित तीन आरोपी गिरफ्तार; मुंह में कपड़ा ठूंसकर रस्सी से घोंटा था गला

कोरबा। कोरबी चौकी क्षेत्र के ग्राम लाद में 70 वर्षीय भगमनिया बाई की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महज रुपयों के लालच में वृद्धा की हत्या की साजिश रचने वाले पति-पत्नी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को वृद्धा के घर में काफी रुपये होने का संदेह था, लेकिन हत्या के बाद तलाशी में महज दो हजार रुपये मिले, जिसे तीनों ने आपस में बांट लिया। वारदात को अंजाम देने के लिए वृद्धा के मुंह में कपड़ा ठूंसकर नायलॉन की रस्सी से गला घोंटा गया था।

पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर की रात से 20 नवंबर की सुबह के बीच भगमनिया बाई की हत्या की गई थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल पर फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद ली गई, वहीं पुलिस डॉग बाघा को भी जांच में लगाया गया। डॉग ने गांव के तालाब तक पहुंचकर जांच के दौरान सुराग तलाशने में अपनी भूमिका निभाई।

चरवाहे पर गहराया संदेह, साजिश का खुलासा

जांच के दौरान मृतका के घर गाय-बैल चराने का काम करने वाले इंद्रपाल अगरिया पर पुलिस का संदेह गहराया। पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन इंद्रपाल काम के बकाया 500 रुपये लेने भगमनिया बाई के घर गया था। वहां उसकी पत्नी राजकुमारी और देव कुमार मरकाम भी मौजूद थे। इसी दौरान आरोपियों को वृद्धा की पेटी में बड़ी रकम रखे होने का अंदेशा हुआ और उन्होंने रात में चोरी करने की योजना बना ली।

योजना के तहत देव कुमार को घर के बाहर निगरानी के लिए खड़ा किया गया, जबकि इंद्रपाल अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ घर के भीतर दाखिल हुआ।

सोते समय वृद्धा का गला घोंटकर हत्या
पुलिस के अनुसार, भगमनिया बाई के सोते समय इंद्रपाल ने उनके हाथ पकड़े, जबकि राजकुमारी ने मुंह में कपड़ा ठूंसकर पैर पकड़ लिए। इसके बाद घर में मौजूद नायलॉन की रस्सी से गला कसकर उनकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपियों ने पेटी और बैग की तलाशी ली, जिसमें उन्हें दो हजार रुपये मिले। तीनों ने रकम आपस में बांट ली और वहां से चले गए।

तीनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर पुलिस टीम और साइबर सेल को जांच में लगाया गया था। विवेचना और पूछताछ के बाद पुलिस ने इंद्रपाल अगरिया, उसकी पत्नी राजकुमारी अगरिया और देव कुमार मरकाम को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को 22 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक सुरेश कुमार जोगी, साइबर सेल के उपनिरीक्षक अजय सोनवानी सहित चौकी कोरबी एवं रक्षित केंद्र के पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।