नशामुक्त विद्यालय अभियान को लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, आबकारी और पुलिस विभाग की संयुक्त बैठक
कोरबा।विद्यालयों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने और उनके लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन की अध्यक्षता में संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय, जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी तथा विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन ने निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक विद्यालय में प्रहरी क्लब गठित कर नशामुक्ति अभियान को नियमित रूप से संचालित किया जाए। शिक्षक विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित कर तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान तथा उनके भविष्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दें। उन्होंने अभियान में पालकों और स्थानीय समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि बच्चों को घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण में सकारात्मक सहयोग मिल सके।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से तंबाकू नियंत्रण से संबंधित कोटपा अधिनियम तथा बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान करने वाले पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी गई। आबकारी विभाग ने नशीले पदार्थों की बिक्री और रोकथाम से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने नशे से होने वाली शारीरिक एवं मानसिक क्षति के बारे में बताया। पुलिस विभाग और साइबर सेल ने बच्चों की सुरक्षा, मोबाइल उपयोग में सावधानी तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर चर्चा की।
सीईओ श्री जैन ने प्राचार्यों को विद्यालय परिसर और आसपास तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन तथा बिक्री पर रोक लगाने के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यार्थियों के बीच रैली, शपथ, पोस्टर निर्माण, भाषण प्रतियोगिता और संवाद जैसी जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने को कहा। साथ ही बच्चों को अपनी समस्याएं खुलकर साझा करने तथा जरूरत पड़ने पर शिक्षक और पालकों से मदद लेने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने कानूनी प्रावधानों और उल्लंघन की स्थिति में कार्रवाई की जानकारी साझा की। सभी विभागों को आपसी समन्वय से अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों में नशे से दूर रहने, आत्म सुरक्षा और जिम्मेदार निर्णय लेने की समझ विकसित हो सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
