बेतरतीब पार्किंग से लगा जाम, पुलिस ने वाहनों में लगाए व्हील लॉक

न्यू बस स्टैंड मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित होने से परेशान हुए लोग, मौके पर पहुंची पुलिस ने की चालानी कार्रवाई

कोरबा। त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ के बीच कटघोरा के न्यू बस स्टैंड क्षेत्र में बेतरतीब पार्किंग यातायात व्यवस्था के लिए चुनौती बन गई है। रविवार दोपहर सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों के कारण मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया। स्थिति बिगड़ने पर कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात बाधित करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। मौके से गायब मिले वाहन चालकों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने उनके वाहनों में व्हील लॉक लगाए और चालानी कार्रवाई की।

पुलिस ने सड़क पर वाहन खड़े कर आवागमन में बाधा पैदा करने वाले चालकों को फटकार लगाई और तत्काल वाहन हटाने की हिदायत दी। वहीं, वाहन खड़ा कर मौके से नदारद मिले चालकों के वाहनों में स्टैंड व्हील लॉक लगाकर कार्रवाई की गई। पुलिस की सख्ती से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर दबाव, न्यू बस स्टैंड के पास परेशानी
कटघोरा से राष्ट्रीय राजमार्ग-130 गुजरता है। इस मार्ग से अंबिकापुर सहित विभिन्न शहरों और दूसरे राज्यों के लिए यात्री बसों तथा अन्य वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में मुख्य मार्ग पर यातायात का सुचारु संचालन जरूरी है।

लेकिन न्यू बस स्टैंड के आसपास और बिलासपुर-अंबिकापुर मार्ग पर सड़क किनारे बेतरतीब वाहन खड़े किए जाने से सड़क की उपलब्ध चौड़ाई घट जाती है। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और जाम की स्थिति बन जाती है।

रविवार को भी अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यातायात बाधित होने पर पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। थाना प्रभारी राजेश तिवारी और एसआई राजेन्द्र प्रताप सिंह सहित पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर खड़े वाहनों को हटवाया और आवागमन सुचारु कराने का प्रयास किया।

त्योहारी सीजन में पार्किंग पर रहेगी नजर
थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने कहा कि न्यू बस स्टैंड क्षेत्र यातायात की दृष्टि से संवेदनशील है। यहां सड़क पर बेतरतीब वाहन खड़े करने से आम नागरिकों, यात्रियों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

त्योहारी सीजन में बाजारों में भीड़ बढ़ने के मद्देनजर पुलिस ने यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता दी है। पुलिस के अनुसार, अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि न्यू बस स्टैंड क्षेत्र में जाम की समस्या पर नियंत्रण रखा जा सके।