किताबों से निकलकर बिजली उत्पादन की प्रक्रिया समझने पहुंचे विद्यार्थी

उड़ान प्रोजेक्ट के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा के छात्र-छात्राओं ने किया अडानी पावर प्लांट का शैक्षणिक भ्रमण

कोरबा। स्कूली किताबों में ऊर्जा और विज्ञान के सिद्धांत पढ़ने वाले विद्यार्थियों को वास्तविक औद्योगिक कार्यप्रणाली समझने का अवसर मिला। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के वनांचल स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा के छात्र-छात्राओं ने 26 अक्टूबर को उड़ान प्रोजेक्ट के तहत पताड़ी-उरगा स्थित अडानी कोरबा पावर प्लांट का एक दिवसीय शैक्षणिक औद्योगिक भ्रमण किया। प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान और तकनीक के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराना था।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने बिजली उत्पादन की प्रक्रिया को समझा और संयंत्र की विशाल मशीनरी, पाइपलाइन, कंट्रोल रूम तथा आधुनिक कोल हैंडलिंग प्रणाली का अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें बताया गया कि विद्यालय में पढ़ाए जाने वाले ऊर्जा और विज्ञान से जुड़े सिद्धांत वास्तविक औद्योगिक परिस्थितियों में किस तरह उपयोग किए जाते हैं।

विशेषज्ञों ने समझाई बिजली उत्पादन की कार्यप्रणाली
अडानी पावर प्लांट के उड़ान प्रोजेक्ट के भ्रमण प्रभारी प्रेम शंकर साहू ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए बिजली उत्पादन की आधुनिक तकनीक और संयंत्र की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। विद्यार्थियों को औद्योगिक परिसर में सुरक्षा मानकों के पालन, कर्मचारियों की कार्यप्रणाली, टीमवर्क और अनुशासन के महत्व से भी अवगत कराया गया।

तकनीकी शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने की पहल
प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने शैक्षणिक भ्रमण की पहल के लिए अडानी फाउंडेशन और संयंत्र प्रबंधन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के औद्योगिक भ्रमण ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करते हैं। इससे तकनीकी शिक्षा के प्रति उनकी रुचि बढ़ती है और ऊर्जा, तकनीक तथा इंजीनियरिंग के क्षेत्र में करियर बनाने के नए अवसरों की जानकारी मिलती है।

भ्रमण के दौरान विद्यालय की व्याख्याता दिव्या कुजूर, रुक्मणी पुरैना और उमाशंकर टोंडे सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।