कोरबा में 30 अक्टूबर को सजेगी कवियों की महफिल, देशभर के रचनाकार बिखेरेंगे काव्य के रंग

घंटाघर ओपन ऑडिटोरियम में अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन-2026; हास्य-व्यंग्य, गीत और श्रृंगार रस की होंगी प्रस्तुतियां

कोरबा। हंसी के ठहाके, व्यंग्य की धार, गीतों की मिठास और श्रृंगार रस की खूबसूरती—कविता के इन विविध रंगों से कोरबा की शाम 30 अक्टूबर को सराबोर होगी। निहारिका स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम में अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन-2026 का आयोजन किया जाएगा।

‘कविता… जो दिल से दिल तक पहुंचे’ थीम पर होने वाले इस आयोजन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कवि- कवयित्रियां अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को हंसाने के साथ भावनाओं से भी जोड़ेंगे।

कवि सम्मेलन में हास्य, व्यंग्य, गीत और श्रृंगार रस की प्रस्तुतियां प्रमुख आकर्षण रहेंगी। अलग-अलग काव्य विधाओं के रचनाकारों की मौजूदगी से साहित्यप्रेमियों को मनोरंजन के साथ संवेदनाओं और जीवन के विविध अनुभवों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में प्रयागराज के अखिलेश द्विवेदी हास्य कविताओं से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे, वहीं रायपुर के गीतकार मीर अली मीर अपनी गीतात्मक प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। पश्चिम बंगाल के पवन बांके बिहारी हास्य काव्य का रंग जमाएंगे, जबकि कटनी की प्रियंका मिश्रा श्रृंगार रस की कविताओं से काव्य संध्या को खास बनाएंगी।

इसके अलावा कोरबा के हिरामणी वैष्णव, बिलाईगढ़ के शशि भूषण स्नेही और बरमकेला के कमलेश यादव ‘धाकड़’ भी अपनी हास्य रचनाओं से श्रोताओं को ठहाके लगाने पर मजबूर करेंगे।

शाम 7 बजे से शुरू होगा कवि सम्मेलन
अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को शाम 7 बजे से निहारिका स्थित घंटाघर ओपन ऑडिटोरियम, कोरबा में होगा। कविता के विविध रंगों से सजी इस महफिल में शहरवासियों और साहित्यप्रेमियों को हास्य, प्रेम, संवेदना और जीवन से जुड़े अनुभवों को कविताओं के माध्यम से महसूस करने का अवसर मिलेगा।