कोरबा। लोकतंत्र की रक्षा और मतदान के अधिकार के प्रति जनजागरूकता का संदेश देने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण एवं शहर के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को दीपका में जिला स्तरीय रैली निकाली गई। ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत आयोजित इस रैली में कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में शामिल हुए। रैली के समापन पर केंद्रीय चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर कांग्रेसियों ने विरोध जताया।
रैली दीपका नगर पालिका परिसर से शुरू होकर दीपका चौक तक पहुंची। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ के नारे लगाते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया। कार्यक्रम के जरिए मतदान के अधिकार के महत्व को रेखांकित करते हुए चुनावी प्रक्रिया में जनभागीदारी और जागरूकता पर जोर दिया गया।
संविधान के अनुच्छेद 326 का किया वाचन
कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक वाचन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की आधारशिला है और इसकी रक्षा के लिए नागरिकों का जागरूक होना जरूरी है।
उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
कांग्रेस नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। रैली के समापन पर चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।
दीपका में आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, विकास शुक्ला, तनवीर अहमद, प्रशांति सिंह, मधुसुदन दास और रजनीश तिवारी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस ने इस आयोजन के माध्यम से लोकतंत्र की मजबूती, मतदान के अधिकार की रक्षा और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















