विकसित भारत का संदेश लेकर भाजपा ने निकाली सेवा ज्योति यात्रा

घंटाघर से सुभाष चौक तक निकली मशाल यात्रा, कार्यकर्ताओं ने सुना प्रधानमंत्री का राष्ट्र के नाम संबोधन

कोरबा।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा ने बुधवार को कोरबा में विकसित भारत संकल्प सभा और सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे घंटाघर मैदान में हुई।

यहां एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सेवा ज्योति यात्रा के प्रज्वलन तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन का सामूहिक प्रसारण किया गया। इसके बाद घंटाघर मैदान से सुभाष चौक तक सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। मशाल लेकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए।

2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प देश के सामने रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के निर्माण का रोडमैप देश के सामने रखा है। उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में युवाओं की भागीदारी पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने कहा कि कोरबा के कार्यकर्ताओं और नागरिकों की सहभागिता से इस संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

भाजपा जिला प्रभारी कृष्णकांत चन्द्रा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजूदेवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, डॉ. राजीव सिंह, पवन गर्ग एवं जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा मंचस्थ रहे। जिला महामंत्री संजय शर्मा ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला मंत्री अजय दुबे, प्रफुल्ल तिवारी, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।