12 सितंबर को लगेगी नेशनल लोक अदालत, लंबित मामलों के निपटारे का मिलेगा अवसर

कोरबा। जिला न्यायालय कोरबा एवं तहसील न्यायालय कटघोरा, करतला और पाली में 12 सितंबर 2026 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों तथा प्रिलिटिगेशन प्रकरणों का आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के आधार पर सरलता से निराकरण किया जाएगा।

लोक अदालत में लंबित फौजदारी प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, भूमि-जायदाद से संबंधित मामले, राजस्व प्रकरण, बकाया बिजली एवं टेलीफोन बिल से जुड़े मामले तथा बैंकों के वसूली योग्य प्रिलिटिगेशन प्रकरणों को निपटारे के लिए रखा जाएगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव कु. डिंपल ने संबंधित पक्षकारों से अपील की है कि वे 12 सितंबर को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने मामलों का सरल एवं सुलभ समाधान प्राप्त करें और लोक अदालत की सुविधा का लाभ उठाएं।

उन्होंने कहा कि लोक अदालत आपसी सहमति और सुलह के माध्यम से विवादों के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम है। पक्षकार निर्धारित तिथि पर संबंधित न्यायालय में उपस्थित होकर अपने प्रकरण के निराकरण की प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।