ऑयल टैंकर में लगी भीषण आग, गुरसिया मोड़ पर मची अफरा-तफरी

कोरबा से वाड्रफनगर जा रहा था इंडियन ऑयल का टैंकर, इंजन में आग लगते ही चालक ने कूदकर बचाई जान; मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम

कोरबा-बांगो। कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-130 पर गुरसिया मोड़ के पास पेट्रोल-डीजल से भरे इंडियन ऑयल के टैंकर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। टैंकर कोरबा से पेट्रोल और डीजल लोड कर वाड्रफनगर की ओर जा रहा था। आग लगने के दौरान चालक ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टैंकर चालक गुरसिया ढाबा के पास खाना खाने के लिए रुका था। खाना खाने के बाद जैसे ही उसने दोबारा वाहन स्टार्ट कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, टैंकर के इंजन वाले हिस्से में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया।

स्थिति को भांपते हुए चालक तत्काल वाहन से बाहर निकल गया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचा। टैंकर में पेट्रोल और डीजल भरा होने की जानकारी सामने आते ही आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, दमकल टीम जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पेट्रोलियम पदार्थ से भरे टैंकर को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा को प्राथमिकता दी और आसपास के क्षेत्र में आवश्यक सावधानियां बरतीं।

आग पर काबू पाने के लिए दमकल वाहनों को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों द्वारा आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।