राधा-कृष्ण के वेश में सजे बच्चों ने मोहा मन

सरस्वती शिशु मंदिर दर्री में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, मटकी फोड़ प्रतियोगिता में दिखा उत्साह

कोरबा। सरस्वती शिशु मंदिर दर्री, एचटीपीपी में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा, नृत्य एवं उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कक्षा अरुण से पंचम तक के बालकों ने भगवान श्रीकृष्ण तथा बालिकाओं ने राधा रानी की मनमोहक वेशभूषा धारण की। नन्हे बाल गोपाल और राधा रानी के रूप में सजे बच्चों ने अपनी आकर्षक छवि से पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया।

नृत्य प्रस्तुति से बांधा समां
राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। भावपूर्ण प्रस्तुतियों और बच्चों के उत्साह ने विद्यालय परिसर में आनंद और उमंग का माहौल बना दिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की उपस्थित जनों ने सराहना की।

मटकी फोड़ में बच्चों ने दिखाया उत्साह
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मटकी फोड़ने के प्रयासों के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।

कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले सभी भैया-बहनों को शुभकामनाएं दीं तथा उन्हें उपहार प्रदान कर प्रोत्साहित किया।