औद्योगिक क्षेत्र में वृहद पौधारोपण की तैयारी

पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा, आयुक्त ने उद्योग संघ व अधिकारियों के साथ किया इंडस्ट्रियल एरिया का सघन भ्रमण

कोरबा। पर्यावरण संरक्षण और कोरबा को हरित शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में नगर पालिक निगम द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में वृहद पौधारोपण अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है।

प्रस्तावित अभियान के तहत औद्योगिक क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के पर्यावरण अनुकूल पौधे लगाए जाएंगे। इसकी रूपरेखा तैयार करने के लिए निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने उद्योग संघ के पदाधिकारियों, सी.एस.आई.डी.सी. तथा निगम के अधिकारियों के साथ इंडस्ट्रियल एरिया का सघन भ्रमण कर स्थल का जायजा लिया और पौधारोपण की योजना पर चर्चा की।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा पर्यावरण संरक्षण तथा ‘हरित कोरबा’ के संकल्प को साकार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के नेतृत्व में पौधारोपण अभियान को गति दी जा रही है। अब तक विभिन्न प्रजातियों के करीब 5 हजार पौधों का रोपण किया जा चुका है। इसके साथ ही लगभग 5 हजार बोगनवेलिया के पौधे लगाए गए हैं। इस तरह अब तक कुल करीब 10 हजार पौधों का रोपण किया जा चुका है।

औद्योगिक क्षेत्र में लगाए जाएंगे हजारों पौधे
निगम की प्रस्तावित योजना के तहत औद्योगिक क्षेत्र में आने वाले दिनों में कई हजार पौधे लगाए जाएंगे। पौधारोपण के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन, पौधों की प्रजातियों तथा उनके संरक्षण की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों एवं उद्योग संघ के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की गई। निगम का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्र में हरित आवरण को बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को मजबूती प्रदान करना है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों का भी निरीक्षण
इंडस्ट्रियल एरिया के भ्रमण के बाद आयुक्त आशुतोष पाण्डेय वार्ड क्रमांक 19 पथर्रीपारा स्थित डबरीपारा बस्ती पहुंचे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासगृहों का निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

निगम क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत शासन से 4405 आवासगृहों की स्वीकृति प्राप्त हुई है।

इनमें से 3937 हितग्राहियों को आवासगृहों के स्वीकृति पत्र एवं भवन निर्माण अनुज्ञा प्रदान की जा चुकी है। वहीं निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में 1300 से अधिक आवासगृह वर्तमान में निर्माणाधीन हैं।

आयुक्त ने पथर्रीपारा पहुंचकर प्रगतिरत आवासगृहों का निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्य की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।