कोरबा।नागरिकों को न्याय के करीब लाने और न्यायिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के मुख्य न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने आज कोरबा जिला के व्यवहार न्यायालय कटघोरा में परिवार न्यायालय का वर्चुअल उद्घाटन किया।
यह पहल न्याय प्रणाली को अधिक सुलभ, उत्तरदायी और नागरिक-केन्द्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। इस क्षेत्र में परिवार न्यायालय के नियमित रूप से स्थापित होने से अब स्थानीय लोगों को पारिवारिक विवादों से संबंधित मामलों के निपटारे के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि उन्हें उनके घर के निकट ही न्यायिक मंच उपलब्ध होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संतोष शर्मा द्वारा निर्धारित प्रारूप के अनुसार स्वागत उद्बोधन से हुई। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि –
“परिवार न्यायालय की स्थापना से पारिवारिक विवादों में शामिल पक्षों को स्थानीय स्तर पर न्यायिक सुविधाओं का लाभ उठाने में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। यह हमारी प्रतिबद्धता है कि न्याय हर नागरिक की दहलीज तक पहुंचे।”
उन्होंने न्यायिक सेवाओं के विस्तार, आधुनिक अधोसंरचना, तकनीकी नवाचार और जन-केन्द्रित न्याय व्यवस्था पर भी अपने विचार रखे।
वर्चुअल उद्घाटन के तुरंत बाद नव स्थापित परिवार न्यायालय से संबंधित एक संक्षिप्त वीडियो प्रदर्शित किया गया, जिसके माध्यम से इस न्यायिक सुविधा के स्वरूप एवं उपलब्धियों की झलक प्रस्तुत की गई। यह प्रस्तुति मात्र एक जानकारी नहीं, बल्कि न्याय को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक नई शुरुआत का दृश्य परिचय बन गई।
कार्यक्रम का संचालन सागर चंद्राकर, प्रथम व्यवहार न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी), कटघोरा द्वारा किया गया। अंत में परिवार न्यायालय कोरबा की प्रधान न्यायाधीश श्रीमती नीता यादव ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने माननीय मुख्य न्यायाधीश, न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों, अधिवक्तागण, न्यायिक कर्मचारियों और कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी संबंधितों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कोरबा जिला में पदस्थ समस्त न्यायाधीशगण, छत्तीसगढ़ राज्य विधिज्ञ परिषद के अध्यक्ष रवीन्द्र परासर, अधिवक्ता संघ कटघोरा के अध्यक्ष राजेश पाल सहित अन्य अधिवक्तागण एवं न्यायिक कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
यह नई न्यायिक सुविधा न्याय को आम जनता तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो न केवल न्यायिक अवसंरचना के विस्तार को दर्शाती है, बल्कि सुगम, सुलभ और नागरिक-केन्द्रित न्याय वितरण प्रणाली के प्रति न्यायपालिका की गंभीर प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















