सुनसान कमरे में युवक का शव मिलने से सनसनी,मौत की वजह बनी पहेली

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम आंछीदादर में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक सुनसान कमरे में युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान अभिनय रजक पिता शंकर रजक के रूप में हुई है। कमरे में शव मिलने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की सूचना पर कटघोरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने सुनसान कमरे में युवक का शव पड़ा देखा था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का होने के कारण पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।

मौत की वजह अब भी पहेली

कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के अनुसार युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। घटनास्थल से पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा।

नशे की लत की भी चर्चा

स्थानीय लोगों के अनुसार अभिनय रजक नशीले पदार्थों के सेवन का आदी था और अक्सर नशे की हालत में रहता था। इसी आधार पर कुछ लोग आशंका जता रहे हैं कि नशे की हालत में वह सुनसान कमरे में पहुंचा होगा और वहीं उसकी मौत हो गई। हालांकि इस संबंध में पुलिस ने फिलहाल किसी संभावना की पुष्टि नहीं की है।

आखिरी बार कब और किसके साथ देखा गया, जांच जारी

पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। युवक आखिरी बार कब और किसके साथ देखा गया था, वह सुनसान कमरे तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई इन सभी बिंदुओं को जांच में शामिल किया गया है।

पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

फिलहाल युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने से पूरे मामले की गुत्थी जांच के बाद ही सुलझने की उम्मीद है।