एसडीएम पर कॉलर पकड़ने और धमकाने का आरोप, ग्रामीण ने एफआईआर की मांग की

मुआवजा विवाद के बीच बढ़ा विवाद, एसडीएम बोले अभद्र व्यवहार पर केवल समझाइश दी थी

कोरबा। पाली अनुविभाग के एसडीएम रोहित कुमार सिंह पर एक ग्रामीण द्वारा गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। ग्राम करतली निवासी पीताम्बर सिंह ने पाली थाना में शिकायत दर्ज कर एसडीएम के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक को भी भेजी गई है।

ग्रामीण का आरोप है कि 24 जून 2026 को ग्राम करतला में प्रस्तावित एसईसीएल एप्रोच रोड निर्माण कार्य के दौरान प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा था। सड़क निर्माण से उसकी और अन्य ग्रामीणों की भूमि प्रभावित होने की बात कहते हुए उसने पहले मुआवजा निर्धारण और भुगतान की मांग की। आरोप है कि विरोध करने पर एसडीएम ने उसका कॉलर पकड़कर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया, धमकाया और पुलिस बल के माध्यम से उसे थाने में बैठाकर रखा।

पीड़ित ने इसे शासकीय पद का दुरुपयोग बताते हुए मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस मुद्दे को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने भी प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

एसडीएम ने आरोपों को बताया निराधार
दूसरी ओर एसडीएम रोहित कुमार सिंह ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सड़क निर्माण संबंधी विवाद के समाधान के लिए मौके पर लगभग छह घंटे तक माप-जोख और चर्चा की गई थी। इस दौरान संबंधित ग्रामीण ने आवेश में आकर अपमानजनक एवं अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिस पर उसे केवल समझाइश दी गई थी।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि मारपीट, धमकी या किसी प्रकार की अवैध कार्रवाई के आरोप पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन हैं।

फिलहाल मामले की शिकायत पुलिस के पास पहुंच चुकी है और दोनों पक्षों के दावों के बीच पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस द्वारा शिकायत की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।