चम्पत राय पर टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण, सनातन समाज रहे एकजुट : अमरजीत सिंह

विहिप जिलाध्यक्ष ने किया समर्थन, कहा श्रीराम मंदिर निर्माण में योगदान अविस्मरणीय

कोरबा। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) जिला कोरबा के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय पर की जा रही व्यक्तिगत टिप्पणियों को दुर्भाग्यपूर्ण और अनुचित बताया है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले व्यक्ति के खिलाफ बिना तथ्यों के आरोप लगाना करोड़ों रामभक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसा है।

अमरजीत सिंह ने कहा कि चम्पत राय का जीवन त्याग, तपस्या, राष्ट्रभक्ति और धर्म के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा है। राम मंदिर आंदोलन से लेकर मंदिर निर्माण तक उनकी भूमिका महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी रही है। ऐसे व्यक्तित्व पर अमर्यादित टिप्पणियां करना उचित नहीं है।

उन्होंने सनातन समाज से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के दुष्प्रचार और भ्रम से बचें तथा तथ्यों के आधार पर ही अपनी राय बनाएं। समाज में एकता, सद्भाव और आपसी विश्वास बनाए रखना वर्तमान समय की आवश्यकता है।

विहिप जिलाध्यक्ष ने कहा कि श्रीराम मंदिर निर्माण में चम्पत राय के योगदान को समाज सदैव स्मरण रखेगा। रामभक्त उनके सम्मान और प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से संयम बनाए रखने और सकारात्मक वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया।