11 दुकानों की जांच, बिना लाइसेंस कारोबार करने वालों को दी चेतावनी
कोरबा। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा शहर में खराब एवं असुरक्षित फल बेचने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संघर्ष कुमार मिश्र के नेतृत्व में विभागीय टीम ने पुराना बस स्टैंड, पॉवर हाउस रोड एवं बुधवारी बाजार क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाया।
निरीक्षण के दौरान राजा नारियल पानी एवं फ्रूट सेंटर, राजेश फ्रूट सेंटर, सर्वमंगला फ्रूट सेंटर, माँ शारदा फ्रूट सेंटर, चौरसिया फ्रूट सेंटर सहित कुल 11 दुकानों की जांच की गई।
जांच में 15 किलो आम, 4 दर्जन केला, 2 किलो अनार एवं 7 किलो खरबूजा खराब अवस्था में पाए गए, जिन्हें बिक्री के लिए रखा गया था। टीम ने तत्काल लगभग 28 किलो खराब फलों को नष्ट करवाया।
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा आयुक्त दीपक अग्रवाल, छत्तीसगढ़ के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की जा रही है, जो 28 एवं 29 मई 2026 तक जारी रहेगा।
अभियान का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण फल उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान टीम ने कृत्रिम मिठास (सैकरीन) के उपयोग एवं कार्बाइड से फल पकाने जैसी अवैध गतिविधियों की भी जांच की। जिन फल विक्रेताओं के पास फूड लाइसेंस नहीं पाया गया, उन्हें तत्काल लाइसेंस बनवाने के निर्देश देते हुए भविष्य में नियमों का पालन नहीं करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

