ई-लाइब्रेरी केवल भवन नहीं, ज्ञान का केंद्र बनेगी : ज्योत्सना महंत

कोरबा। प्रेस क्लब तिलक भवन टीपी नगर में वरिष्ठ पत्रकार स्व. रामकुमार टमकोरिया की स्मृति में पुस्तकालय उन्नयन एवं ई-लाइब्रेरी का लोकार्पण सोमवार को किया गया। कार्यक्रम में सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत, महापौर संजू देवी राजपूत सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि स्व. रामकुमार टमकोरिया कलम के सच्चे सिपाही थे, जिन्होंने हमेशा समाज को आईना दिखाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि उनकी स्मृति में तैयार की गई यह ई-लाइब्रेरी केवल भवन नहीं बल्कि ज्ञान का केंद्र बनेगी, जहां युवा पीढ़ी को अध्ययन और तैयारी के बेहतर अवसर मिलेंगे।

सांसद ने प्रेस क्लब के विकास कार्यों के लिए 7 लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही महापौर संजू देवी राजपूत ने प्रेस क्लब द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ई-लाइब्रेरी युवाओं के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। उन्होंने भी प्रेस क्लब को 5 लाख रुपये देने की घोषणा की।

इस अवसर पर पार्षद पंकज देवांगन ने 1 लाख रुपये सहयोग देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर,एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन,सूरज महंत,उषा तिवारी,कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का साल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।