नहर की सुरक्षा दीवार टूटने से दुर्घटना का खतरा, लक्ष्मण वन तालाब का जीर्णोद्धार करे प्रशासन: पवन

कोरबा। कोरबा में बांयी तट नहर किनारे क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार के तत्काल पुनर्निर्माण और वार्ड क्रमांक 12 स्थित लक्ष्मण वन तालाब के जीर्णोद्धार की मांग सीपीआई जिला सचिव पवन कुमार वर्मा ने प्रशासन से की है।

पवन कुमार वर्मा ने बताया कि नहर किनारे की सड़क शहर का अत्यंत व्यस्त मार्ग है, जहां प्रतिदिन हजारों नागरिक दोपहिया और छोटे चारपहिया वाहनों से बस स्टैंड, निहारिका, एमपी नगर और रेलवे स्टेशन जाते हैं। लेकिन सुरक्षा दीवार कई जगहों से बुरी तरह टूट चुकी है, जिससे दुर्घटना का लगातार खतरा बना हुआ है।

उन्होंने लक्ष्मण वन तालाब की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताते हुए इसके जीर्णोद्धार की मांग की है। पवन कुमार वर्मा ने इस संबंध में कलेक्टर और महापौर को पत्र लिखकर तत्काल कार्यवाही करने की अपील की है।

सीपीआई जिला सचिव ने कहा कि ये दोनों मामले जनहित से जुड़े हैं, इसलिए प्रशासन को प्राथमिकता के आधार पर इनकी सुध लेनी चाहिए, ताकि नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और तालाब का पर्यावरणीय संतुलन बना रहे।