खुटाकुड़ा-घिनारा सड़क निर्माण से बदलेगी वनांचल क्षेत्र की तस्वीर : विधायक फूल सिंह राठिया

कोरबा। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के वनांचल इलाके में खुटाकुड़ा से घिनारा तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन 9 मई 2026 को संपन्न हुआ। लगभग 4.5 किलोमीटर लंबी और करीब 5 करोड़ रुपये लागत वाली इस सड़क परियोजना का भूमि पूजन विधायक फूल सिंह राठिया ने ग्राम खुटाकुड़ा एवं सुवरलोट चौक बोरई नाला के पास किया।

इस अवसर पर विधायक फूल सिंह राठिया ने कहा कि जनता की हर समस्या का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और विकास को नई गति मिलेगी।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की बदहाल स्थिति और बरसात के दौरान आवागमन की परेशानी बनी हुई थी। कई वर्षों तक मांग किए जाने के बावजूद कार्य शुरू नहीं हो पाया था, लेकिन अब सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने से लोगों में उत्साह है।

क्षेत्रवासियों के अनुसार विधायक फूल सिंह राठिया के कार्यकाल में सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है। इससे दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक विकास की पहुंच बनी है और लोगों का भरोसा भी बढ़ा है।

सड़क निर्माण से खुटाकुड़ा, सुवरलोट, नवापारा और घिनारा सहित आसपास के गांवों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

भूमि पूजन कार्यक्रम में सरपंच संघ करतला इकाई अध्यक्ष रामेश्वर राठिया, नवापारा सरपंच छत्रपाल सिंह, सुवरलोट सरपंच तेजस्वरी राठिया, घिनारा उपसरपंच हेमंत सिंह राठिया, नवापारा उपसरपंच दिला दास महंत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।