कुदुरमाल में अनोखी शादी की मिसाल,माता-पिता की अनुपस्थिति में ग्रामीणों ने निभाई पिता की भूमिका,पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुआ विवाह

कोरबा।कोरबा जिले के ग्राम पंचायत कुदुरमाल में एक अनोखी और प्रेरणादायक शादी का आयोजन हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है। इस विवाह की खास बात यह रही कि दुल्हन के माता-पिता की अनुपस्थिति में गांव के ही ग्रामीणों ने माता-पिता की भूमिका निभाकर पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न कराया।

दुर्गा कंवर के विवाह का सामाजिक सहयोग से हुआ आयोजन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्गा कंवर, स्वर्गीय पिता घासीराम कंवर के विवाह का आयोजन ग्राम कुदुरमाल में सामाजिक सहयोग से किया गया। इस अवसर पर गांव के लोगों ने न केवल आयोजन की जिम्मेदारी संभाली, बल्कि पूरे प्रेम और अपनत्व के साथ विवाह की सभी रस्में पूरी कराईं।

इस पुनीत कार्य में दीनानाथ वैष्णव, पंचराम यादव, ग्राम के प्रमुख, भूतपूर्व सरपंच फूल सिंह कंवर, व्यापारी पवन कुमार अग्रवाल, गोविंद गोयल और रूपेश कुमार अग्रवाल सहित अन्य ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहयोग दिया। सभी ने मिलकर इस विवाह को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

सामाजिक एकता और मानवता की मिसाल
ग्रामीणों के इस सामूहिक प्रयास ने सामाजिक एकता और मानवता की मिसाल पेश की। पूरे गांव में खुशी और उत्साह का माहौल रहा, जहां हर किसी ने इस आयोजन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।

अन्य गांवों के लिए प्रेरणा स्रोत
यह विवाह न केवल एक सामाजिक कार्यक्रम रहा, बल्कि यह संदेश भी देता है कि समाज में मिलजुल कर किसी भी व्यक्ति की जिम्मेदारी को निभाया जा सकता है। कुदुरमाल की यह पहल अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है।