तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी को मारी टक्कर,राजमिस्त्री की मौत, महिला गंभीर,आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम

कोरबा। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130 स्थित सुतर्रा बाईपास पर मंगलवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में एक राजमिस्त्री की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसके साथ स्कूटी पर सवार महिला मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गई।

घायल महिला को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम भावर निवासी मंगल सिंह और ग्राम कुटेलामुड़ा निवासी राजकुमारी सुबह काम के लिए बांकीमोंगरा जा रहे थे। मंगल सिंह पेशे से टाइल्स मिस्त्री थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मंगल सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि राजकुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

हादसे के बाद चक्काजाम
दुर्घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। इससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।

मौके पर थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी, पोंडी उपरोड़ा तहसीलदार विनय देवांगन और नायब तहसीलदार सुमन मानिकपुरी भी पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाइश दी, जिसके बाद लगभग एक घंटे बाद जाम समाप्त कराया जा सका।

ट्रेलर चालक गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल ट्रेलर और उसके चालक को रजकम्मा टोल प्लाजा के पास से पकड़ लिया है। फिलहाल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।