कोरबा-पसान।पेंड्रा से कोरबा आ रही जय श्री (राजपूत कंपनी) की यात्री बस बुधवार सुबह एक हादसे का शिकार हो गई। बस क्रमांक CG 10 BG 1600 के साथ हुई इस दुर्घटना में एक महिला सहित तीन यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
पसान थाना प्रभारी एसआई चन्द्रपाल खाण्डे ने बताया कि यह हादसा ग्राम लैंगा के पास बांस प्लांट मार्ग में हुआ। बस पेंड्रा से कोरबा की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रहे ट्रेलर क्रमांक CG 10-1301 से उसका संपर्क हुआ। ट्रेलर दुर्ग से मध्य प्रदेश की ओर जा रहा था और उसमें रेलवे निर्माण से संबंधित लोहे की सामग्री लोड थी, जिसका कुछ हिस्सा बाहर निकला हुआ था।
संकरे मार्ग में दोनों वाहनों के पास-पास से गुजरने के दौरान ट्रेलर से निकला लोहे का हिस्सा बस को रगड़ते हुए निकल गया। इस टक्कर में बस के चालक की ओर का लगभग आधा हिस्सा बीच से उखड़ गया, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना में ग्राम पत्थर फोड़ (पसान) निवासी परसिया बाई को अधिक चोटें आई हैं, जबकि अन्य दो यात्रियों को भी मामूली चोट लगी है।
बस चालक पंकज यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने ट्रेलर चालक सौरभ पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125 (ए) एवं मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कर ट्रेलर वाहन को जप्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















