कोरबा। गर्मी का मौसम शुरू होते ही कोल्ड ड्रिंक और आइसक्रीम की मांग में तेजी आने के साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में सघन जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित फैक्ट्रियों का औचक निरीक्षण किया और उत्पादों के नमूने लिए।
दादर क्षेत्र और रजगामार रोड स्थित आइसक्रीम फैक्ट्रियों का निरीक्षण
टीम ने दादर क्षेत्र और रजगामार रोड पर स्थित दो आइसक्रीम फैक्ट्रियों का बारीकी से जायजा लिया। दोनों फैक्ट्रियों के लाइसेंस वैध पाए गए, लेकिन उत्पाद निर्माण में उपयोग होने वाले पानी की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने एकत्र किए गए। विभाग अब इन सैंपलों की लैब रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। रिपोर्ट में कोई भी गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डिंगापुर वार्ड में बिना लाइसेंस फैक्ट्री सील
निरीक्षण के दौरान टीम वार्ड क्रमांक 36 (डिंगापुर) स्थित एक कोल्ड ड्रिंक फैक्ट्री पहुंची। यहां स्लाइस फ्रूट जूस और ट्रॉपिकाना अमरूद जूस के सैंपल लिए गए। जांच में पाया गया कि फैक्ट्री बिना वैध लाइसेंस के संचालित हो रही थी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से फैक्ट्री को सील कर दिया और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत ने बताया कि गर्मी के मौसम में बच्चों और आमजन द्वारा अधिक मात्रा में खाए जाने वाले इन उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सैंपल रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी तरह की अनियमितता या मिलावट पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे केवल लाइसेंस प्राप्त और मानक के अनुरूप उत्पाद ही खरीदें तथा किसी भी संदिग्ध उत्पाद की जानकारी तुरंत विभाग को दें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















