कोरबा-दीपका। एसईसीएल की दीपका खदान में कार्यरत कलिंगा कंपनी के एक युवा श्रमिक की ड्यूटी के दौरान मौत के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है। मंगलवार रात हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद बुधवार सुबह से ही मृतक के परिजनों और साथी ड्राइवरों ने कलिंगा कंपनी के मुख्य द्वार को जाम कर दिया है। प्रदर्शनकारियों के आक्रोश के कारण खदान का काम पूरी तरह ठप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अण्डीकछार निवासी 32 वर्षीय जुरखन जांगड़े कलिंगा कंपनी में श्रमिक के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार रात लगभग 9:30 बजे सेकंड शिफ्ट के दौरान उन्होंने अपनी चलती गाड़ी किनारे खड़ी की और नीचे उतरे, जिसके बाद वे अचानक वहीं गिर पड़े।

मौके पर मौजूद अन्य ड्राइवरों ने जब उनकी जांच की तो उनकी सांसें चल रही थीं, लेकिन हालत अत्यंत गंभीर थी। कंपनी प्रबंधन को सूचना मिलने के बाद उन्हें आनन-फानन में एनसीएच अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिजनों का आरोप और बढ़ता आक्रोश
मृतक के परिजनों और प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि घटना को दबाने के लिए कंपनी के कुछ कथित दलाल और बिचौलिए सक्रिय हो गए हैं। परिवार पर मामले को रफा-दफा करने का दबाव बनाया जा रहा है। परिजनों का स्पष्ट कहना है, “हमें सांत्वना नहीं, लिखित अधिकार चाहिए। नियमतः जो मुआवजा और परिवार के लिए व्यवस्थाएं तय हैं, कंपनी उसे लिखित रूप में दे।”
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें:
1. मृतक के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा
2. परिवार के एक सदस्य को स्थायी रोजगार की व्यवस्था
3. हादसे की निष्पक्ष जांच और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की समीक्षा
फिलहाल कलिंगा कंपनी का मुख्य द्वार पूरी तरह जाम है।
प्रदर्शनकारियों के भारी आक्रोश को देखते हुए खदान में काम बंद है। श्रमिक एकता और स्थानीय ग्रामीणों के समर्थन से आंदोलन उग्र होता जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक प्रबंधन लिखित में ठोस आश्वासन नहीं देता, तब तक शव को एनसीएच अस्पताल से उठाने नहीं दिया जाएगा और चक्काजाम जारी रहेगा।
इस मामले में प्रशासन और कंपनी प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















