नींद की झपकी ने ली तीन जिंदगियां, नुनेरा में दर्दनाक हादसा

कोरबा। कोयला परिवहन में लगे मालवाहक ट्रक की तेज रफ्तार और चालक की नींद की झपकी ने तीन युवकों की जिंदगी पल भर में छीन ली। यह हृदयविदारक हादसा आज सुबह करीब 9 बजे कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नूनेरा-दीपका मार्ग पर हुआ।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दीपका से कोयला लोड कर बिलासपुर की ओर जा रहा मालवाहक वाहन क्रमांक CG 12 BG 8522 पाली थाना क्षेत्र के ग्राम नूनेरा के पास अनियंत्रित हो गया। चालक को नींद की झपकी आ गई थी, जिसके कारण वाहन लहराया और पहले बाईं तरफ दुकान व घरों की ओर मुड़ने लगा। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर चालक ने स्टियरिंग घुमाया, लेकिन इस दौरान ट्रक पूरी तरह अनियंत्रित होकर पलट गया।

ठीक उसी समय ग्राम पोटापानी निवासी तीन युवक (जो मिस्त्री का काम करते हैं) कार्य के सिलसिले में दीपका की ओर जा रहे थे। वे अपनी मोटरसाइकिल पर सवार थे। पलटी हुई ट्रक सीधे उनके ऊपर आ गिरी और तीनों युवक ट्रक के नीचे दब गए। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि कोयला ढुलाई के वाहनों के चालक लंबे समय तक बिना आराम के ड्यूटी करते हैं, जिससे थकान और नींद उन्हें घेर लेती है। इस घटना ने माल परिवहन क्षेत्र में चालकों की कार्य दशा और सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए हैं।

बीच सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई है। कोयले का ढेर हटाने के लिए जेसीबी मशीन बुलाई गई है। कोयला हटाने के साथ ही पलटी ट्रक को सड़क किनारे करने की कवायद जारी है। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर आवागमन पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम की मांग की है।

यह दुर्घटना एक बार फिर सड़क पर लंबी दूरी की ढुलाई करने वाले वाहन चालकों की थकान, ओवरलोडिंग और नींद की समस्या को उजागर करती है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।