कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से 25 फरवरी से स्वच्छता महाअभियान की शुरुआत की गई। अभियान के प्रथम दिन वार्ड क्रमांक 01 रामसागरपारा एवं वार्ड क्रमांक 04 राताखार में मेगा स्वच्छता ड्राइव चलाई गई।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत एवं आयुक्त आशुतोष पाण्डेय स्वयं वार्डों में पहुंचे और गली-गली, बस्ती-बस्ती पैदल भ्रमण कर साफ-सफाई कार्यों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालियों, सड़कों और गलियों की संपूर्ण सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही रहवासियों से अपील की गई कि वे सड़कों और नालियों में कचरा न डालें तथा घर से निकलने वाला कचरा स्वच्छता दीदियों के रिक्शे में ही दें।




व्यापक स्तर पर हुई सफाई
अभियान के तहत नाले-नालियों के ऊपर से स्लैब हटाकर अंदर तक सफाई की गई। सड़कों के किनारे जमी धूल, मिट्टी, झाड़ियां और कचरे का त्वरित उठाव एवं परिवहन किया गया। कीटनाशक दवाओं और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी किया गया।
महापौर और आयुक्त ने दोनों वार्डों की विभिन्न बस्तियों में पैदल भ्रमण कर मेगा ड्राइव की प्रगति का जायजा लिया और बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बस्तीवासियों से डोर-टू-डोर संवाद
भ्रमण के दौरान महापौर एवं आयुक्त ने रहवासियों से सीधे संवाद कर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, नियमित सफाई, स्ट्रीट लाइट और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। लोगों ने बताया कि कचरा संग्रहण के लिए रिक्शा नियमित आता है और सफाई कार्य संतोषजनक ढंग से हो रहे हैं।
गंदगी फैलाने पर नोटिस के निर्देश
राताखार बस्ती में निरीक्षण के दौरान तीन गोठानों से गोबर एवं अपशिष्ट को सड़क पर बहाए जाने की शिकायत मिली। इसे गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने संबंधित पशुपालकों को नोटिस जारी करने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अपशिष्ट प्रबंधन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएंडडी वेस्ट पर सख्ती
अभियान के दौरान कई स्थानों पर निर्माण सामग्री और सीएंडडी वेस्ट सार्वजनिक स्थलों पर डंप पाए गए। आयुक्त ने ऐसे मामलों में तत्काल हटाने और संबंधित व्यक्तियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों को भी चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई करने कहा गया।
26 फरवरी को इन वार्डों में ड्राइव
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 फरवरी को वार्ड क्रमांक 23 बुधवारी क्रमांक 01 एवं वार्ड क्रमांक 27 महाराणा प्रताप नगर में मेगा स्वच्छता ड्राइव संचालित की जाएगी।
इस अवसर पर पार्षदगण, अपर आयुक्त, उपायुक्त, स्वास्थ्य अधिकारी सहित निगम के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















