27 दिन में ही तबादला रद्द… RMA की ‘घर वापसी’ से स्वास्थ्य विभाग में चर्चा तेज

कोरबा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पताढ़ी और सरगबुंदिया में पदस्थ दो आरएमए (RMA) के तबादले और फिर महज 27 दिन के भीतर पुराने पदस्थापना स्थल पर वापसी के आदेश ने स्वास्थ्य विभाग में चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है।

सवाल उठ रहा है कि जब पुनः वहीं पदस्थ करना था तो पहले तबादला क्यों किया गया और आखिर ऐसे कौन से हालात बने कि आदेश निरस्त करना पड़ा?

जानकारी के अनुसार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कोरबा द्वारा 23 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन छत्तीसगढ़ के अंतर्गत कार्यरत श्रीमती दीप्ति डिक्सेना को पीएचसी सरगबुंदिया से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पताढ़ी में पदस्थ किया गया था।

वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पताढ़ी में पदस्थ श्रीमती रजनी कटकवार को पीएचसी सरगबुंदिया भेजा गया था।

तबादला आदेश के बाद 9 फरवरी को संबंधित चिकित्सा अधिकारी द्वारा दोनों को नई पदस्थापना के लिए कार्यमुक्त भी कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक एक आरएमए ने नई जगह पर जॉइनिंग दे दी, जबकि दूसरी ने जॉइनिंग नहीं दी।

इसी बीच 19 फरवरी को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने “आंतरिक व्यवस्थागत कारणों” का हवाला देते हुए पूर्व में जारी तबादला आदेश को निरस्त कर दिया। नए आदेश में दोनों आरएमए को उनके पूर्व पदस्थापना स्थल पर तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस घटनाक्रम से स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, अचानक आदेश जारी करना और फिर उसे निरस्त कर देना प्रशासनिक समन्वय की कमी को दर्शाता है। फिलहाल यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।