जूनियर क्लब में बाहरी खिलाड़ियों के प्रवेश पर रोक, अब केवल कर्मी व परिजन ही उठा सकेंगे सुविधा

कोरबा । सीएसईबी-कोरबा-पूर्व स्थित जूनियर क्लब में बाहरी खिलाड़ियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। श्रम कल्याण समिति डीएसपीएम ताप विद्युत गृह द्वारा यह निर्णय लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर लिया गया है। अब क्लब की सुविधाओं का लाभ केवल विद्युत कर्मचारी और उनके परिवारजन ही उठा सकेंगे।

जूनियर क्लब का निर्माण छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कंपनी के अधीन जनरेशन, डिस्ट्रीब्यूशन और ट्रांसमिशन इकाइयों के तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों तथा उनके परिवारजनों के लिए किया गया है। डीएसपीएम संयंत्र के आवासीय परिसर में स्थित इस क्लब में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पारिवारिक आयोजनों और खेल गतिविधियों, विशेषकर बैडमिंटन कोर्ट की सुविधा उपलब्ध है।

समिति के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों से सुबह और शाम के समय बाहरी व्यक्ति और खिलाड़ी भी बैडमिंटन हॉल का उपयोग कर रहे थे। इस दौरान विद्युत कर्मचारियों और उनके परिवारजनों के साथ अभद्र व्यवहार की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इस संबंध में रामपुर थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई जा चुकी है।

समिति ने स्पष्ट किया कि बाहरी खिलाड़ियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता था, जबकि क्लब का विद्युत बिल और साफ-सफाई का खर्च प्रबंधन द्वारा वहन किया जाता है।

डीएसपीएम के सिविल सुधार संभाग द्वारा नियमित रूप से क्लब का रखरखाव किया जाता है और कार्यक्रमों के बाद समिति स्वयं साफ-सफाई कराती है। सुरक्षा की दृष्टि से क्लब को निर्धारित समय पर बंद भी किया जाता है।

गोवर्धन सिदार, सचिव श्रम कल्याण समिति डीएसपीएम ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों और सुरक्षा कारणों को देखते हुए बाहरी व्यक्तियों व खिलाड़ियों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है। अब केवल कर्मचारी और उनके परिवारजन ही जूनियर क्लब की सुविधाओं का उपयोग कर सकेंगे।