कोरबा।कोरबा प्रेस क्लब द्वारा आयोजित स्व. केशव लाल मेहता स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 का खिताब एक बार फिर बालको की टीम ने अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में बालको ने शिक्षा विभाग की टीम को 57 रन से परास्त कर चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
घंटाघर मैदान में खेले गए फाइनल मैच में टॉस जीतकर बालको ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। निर्धारित 10 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर टीम ने 157 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शिक्षा विभाग की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 8 विकेट के नुकसान पर 100 रन ही बना सकी। इस तरह बालको ने 57 रन से मुकाबला जीतकर चैंपियन का ताज पहन लिया।
बालको की ओर से मंजय सिंह ने 24 गेंदों में ताबड़तोड़ 56 रन की पारी खेली, जिसमें तीन चौके और छह गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। विजेता टीम बालको को स्व. केशव लाल मेहता स्मृति ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता शिक्षा विभाग की टीम को स्व. बिसाहू दास महंत स्मृति ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
फाइनल मुकाबले को देखने घंटाघर मैदान में क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी। समापन समारोह में प्रेस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य, पत्रकार बंधु एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रेस क्लब का आयोजन काबिले तारीफ: कलेक्टर
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी और नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय, आईपीएस विमल कुमार ठाकुर, बालको जनसंपर्क अधिकारी दीपक बाजपेई और अदानी पावर हेड अतुल गुप्ता शामिल रहे।
मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि प्रेस क्लब पिछले 22 वर्षों से स्व. केशव लाल मेहता की स्मृति में क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित कर रहा है, जो काबिले तारीफ है। नगर निगम आयुक्त श्री पांडेय ने इसे प्रशासन, विभागों और औद्योगिक उपक्रमों को एक मंच पर लाने वाला सराहनीय आयोजन बताया। अन्य अतिथियों ने भी इसे स्वर्गीय मेहता को सच्ची श्रद्धांजलि बताया।
मंजय बने बेस्ट बैट्समैन
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
बेस्ट बैट्समैन: मंजय सिंह (बालको 11)
बेस्ट बॉलर: संजय कुर्रे (शिक्षा विभाग)
बेस्ट फील्डर: पुरुषोत्तम केवट (शिक्षा विभाग)
मैन ऑफ द सीरीज: अरविंद मानिकपुरी (बालको 11)
अतिथियों ने सभी विजेताओं को सम्मानित कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















