प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किया हंगामा,स्टाफ से मारपीट के बाद दो हिरासत में

कोरबा।कोरबा के जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक ने अस्पताल स्टाफ के साथ मारपीट कर दी। मना करने पर शुरू हुआ विवाद हाथापाई तक पहुंच गया और युवक ने एक कर्मचारी के हाथ में दांत काट लिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने युवक और उसके दोस्त को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, बालको चेक पोस्ट निवासी सूरज महंत अस्पताल के नर्स स्टाफ रूम नंबर 17 में पहुंचा था।

ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों ने उसे समझाकर बाहर जाने को कहा, लेकिन वह नहीं माना और विवाद करने लगा।

देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और झगड़ा बढ़ गया। इसी दौरान उसने एक स्टाफ सदस्य के हाथ में दांत काट दिया।
अस्पताल कर्मचारियों ने युवक को पकड़कर अस्पताल की पुलिस चौकी पहुंचाया, जहां भी उसने हाथापाई की।

सूचना मिलने पर सिविल लाइन के थाना प्रभारी नवीन पटेल मौके पर पहुंचे और युवक के साथ उसके साथी अक्षय कुमार को हिरासत में लेकर थाने ले गए। दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सह-अधीक्षक रविकांत जाटवर ने बताया कि दो असामाजिक तत्व अस्पताल पहुंचे और एक सफाईकर्मी महिला के साथ विवाद करने लगे।

महिला के बचाव के दौरान एक स्टाफ सदस्य के साथ मारपीट की गई और उसके हाथ में दांत से काटा गया। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है।

घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की बात कही है। इस घटना से अस्पताल स्टाफ और मरीजों के बीच दहशत का माहौल बना रहा।