एसईसीएल की ‘कोड सेतु’ पहल में छात्रों ने दिखाया तकनीकी कौशल, नवाचार आधारित प्रोजेक्ट्स की शानदार प्रस्तुति

कोरबा। एसईसीएल की कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत संचालित “कोड सेतु” कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने नवाचार और तकनीक आधारित प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इस पहल का उद्देश्य स्कूली छात्रों को कोडिंग और डिजिटल तकनीक की व्यवहारिक शिक्षा से जोड़ना है।

कार्यक्रम के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय कटघोरा के विद्यार्थियों को तकनीकी विशेषज्ञों एवं सहयोगी संस्थाओं के मार्गदर्शन में कोडिंग, सॉफ्टवेयर डिजाइन और डिजिटल मॉडल विकसित करने का प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद विद्यालय परिसर में आयोजित प्रस्तुति कार्यक्रम में छात्रों ने अपने तैयार प्रोजेक्ट और सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन का प्रदर्शन किया।

विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत प्रमुख प्रोजेक्ट्स में ऑटोमेटिक रेन सिस्टम, ऑटोमेटिक पार्किंग एरिया और स्टेप काउंटर जैसे उपयोगी मॉडल शामिल रहे। इन मॉडलों के माध्यम से छात्रों ने तकनीकी समझ के साथ-साथ अपनी रचनात्मकता और समस्या समाधान क्षमता का भी परिचय दिया।

कार्यक्रम में एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के अधिकारियों की उपस्थिति रही। आयोजन का संचालन कोडिंग कार्यक्रम से जुड़े प्रतिनिधियों द्वारा किया गया।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल ग्रामीण एवं अर्द्धशहरी क्षेत्रों के छात्रों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

“कोड सेतु” पहल को डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है। इससे यह स्पष्ट हुआ है कि उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर ग्रामीण पृष्ठभूमि के विद्यार्थी भी तकनीकी क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।