एनटीपीसी टाउनशिप में दो वरिष्ठ अधिकारियों के सूने घरों में लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुआ संदिग्ध

कोरबा। एनटीपीसी टाउनशिप में उस समय हड़कंप मच गया जब दो वरिष्ठ अधिकारियों के सूने सरकारी आवासों में अज्ञात चोरों ने लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। घटना की सूचना पड़ोसियों द्वारा दिए जाने पर दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, एनटीपीसी में उप महाप्रबंधक (DGM) पद पर पदस्थ रंजन कुमार श्रीवास्तव और जीवराज जाट अपने-अपने परिवारों के साथ शहर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान 11 फरवरी की रात चोरों ने डी/109 और डी/108 नंबर के सरकारी आवासों को निशाना बनाया। घरों के ताले तोड़कर अंदर घुसे बदमाशों ने कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

अगली सुबह पड़ोसियों ने जब घरों के टूटे ताले और अस्त-व्यस्त सामान देखा तो अनहोनी की आशंका जताते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी।

शादी और तीर्थ यात्रा पर गए थे परिवार
बताया जा रहा है कि जीवराज जाट का परिवार बेटी की शादी के सिलसिले में राजस्थान गया हुआ है। शादी अगले कुछ दिनों में है, ऐसे में वे लौटने के बाद ही चोरी हुए सामान और नुकसान का सही आकलन कर पाएंगे। फिलहाल पुलिस ने उनके आवास को सील कर दिया है।

वहीं रंजन कुमार श्रीवास्तव का परिवार तीर्थ यात्रा पर गया हुआ है। उन्हें भी घटना की जानकारी दे दी गई है और उनके लौटने के बाद ही चोरी की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

CCTV में कैद हुआ चोर
एनटीपीसी कॉलोनी में सुरक्षा के लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, इसके बावजूद चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति मफलर, टोपी और जैकेट पहने दिखाई दे रहा है। उसके हाथ में हथियार भी नजर आ रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।

चोरों ने घर के भीतर सामान को बुरी तरह बिखेर दिया। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

सुरक्षा पर उठे सवाल
एनटीपीसी टाउनशिप जैसे सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामले में जांच तेज कर दी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।