बुझ गया घर का इकलौता चिराग: ड्यूटी पर निकले सुरक्षा गार्ड को अज्ञात वाहन ने कुचला

कोरबा। इंसान की किस्मत और वक्त कब दगा दे जाए, कहा नहीं जा सकता। कटघोरा क्षेत्र के बरपाली गांव में एक छोटे से घर की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। परिवार का इकलौता सहारा, 26 वर्षीय दीपेंद्र पटेल, जो रात की ड्यूटी पर निकला था, वह अब कभी लौटकर नहीं आएगा। सीपेट (CIPET) के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दीपेंद्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

परिजनों ने बताया कि दीपेंद्र सीएसईबी (CSEB) पावर प्लांट में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत था। गुरुवार रात करीब 10 बजे वह रोज की तरह घर पर भोजन करने के बाद माता-पिता से यह कहकर निकला था कि वह ड्यूटी जा रहा है। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। सीपेट के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपेंद्र का चेहरा और सीना बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।

हादसे के बाद सड़क पर खून से लथपथ युवक और क्षतिग्रस्त बाइक को देखकर राहगीरों में हड़कंप मच गया। तत्काल डायल 112 और दर्री पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दीपेंद्र की सांसें थम चुकी थीं। शिनाख्त के बाद जब पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, तो घर में कोहराम मच गया।

दीपेंद्र अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी नौकरी ही पूरे परिवार की आजीविका का सहारा थी। जिला मेडिकल कॉलेज स्थित शव गृह के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने अब रोजी-रोटी का गहरा संकट खड़ा हो गया है।

दर्री पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस के अनुसार यह स्पष्ट रूप से सड़क दुर्घटना का मामला है, लेकिन टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।